चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे अजयराज सिंह के हत्यारों का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें आरोपी जेल के अंदर नशा, डांस और दाल-बाटी, चूरमा की दावत करते नजर आ रहे हैं। पूरा वीडियो मोबाइल से जेल के अंदर ही बनाया गया। इसके बाद गुरुवार को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया है। वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पूरी जेल की तलाशी ली गई, जिसमें दो मोबाइल फोन मिले। जेल प्रहरी ने कोतवाली थाने में 8 बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। दरअसल, जिला जेल से 3 वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में दिख रहे बंदी बहुचर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपी हैं। इनमें गंगरार थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह, हर्षवर्धन सिंह, भैरूलाल गुर्जर सहित करीब 8 आरोपी हैं। जेल में पार्टी कर रहे थे बंदी
तीनों वीडियो 23 जुलाई की शाम के बताए जा रहे हैं। पहले वीडियो में करीब 10 से 12 बंदी एक साथ बैठकर आराम से खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। दूसरे वीडियो में कुछ बंदी नशा करते नजर आ रहे हैं। वहीं तीसरे वीडियो में यही बंदी डांस करते दिख रहे हैं। पूरा वीडियो एक बंदी ने मोबाइल से सेल्फी मोड में रिकॉर्ड किया है। इससे साफ है कि जेल के अंदर मोबाइल का खुलेआम इस्तेमाल हो रहा है, ऐसे में जेल में मोबाइल आने और बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। एक साल पहले की थी हत्या
पिछले साल एक जून को बजरी विवाद के दौरान रिटायर्ड एएसआई के बेटे अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने जांच के दौरान दो दर्जन से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब उन्हीं आरोपियों में कुछ जेल के अंदर मौज-मस्ती करते नजर आए हैं। जेल की तलाशी में मिले दो मोबाइल
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने शुक्रवार को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि 23 जुलाई की शाम करीब 7.30 बजे सोशल मीडिया पर जेल के अंदर से बनाए गए वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली। इसके बाद जेल अधीक्षक की मौजूदगी में ड्यूटी स्टाफ के साथ पूरे जेल परिसर की तलाशी ली गई। पूछताछ के दौरान ए वार्ड के सेल नंबर-3 में बंद विचाराधीन बंदी मोहित पुत्र दलबीर सिंह की निशानदेही पर उसके वार्ड के सामने स्थित एसटीडी कक्ष के अंदर स्टोर रूम से पन्नी में लपेटकर रखा गया एक मोबाइल मिला। इसके अलावा महिला वार्ड के सामने एक पेड़ की जड़ों के पास लावारिस हालत में एक गोल्डन रंग का एक और मोबाइल फोन मिला। दोनों मोबाइल जब्त कर पुलिस को भेज दी गई। आठ बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज
जेल प्रशासन ने वीडियो में दिख रहे 8 बंदियों के नाम पुलिस को दिए। इनमें हरियाणा के रोहतक निवासी मोहित पुत्र दलबीर सिंह, राशमी निवासी हर्षवर्धन सिंह, गंगरार निवासी भैरूलाल गुर्जर, ईश्वर सिंह उर्फ हरिओम सिंह, सत्यनारायण गुर्जर, विजयपुर निवासी प्रहलाद गुर्जर, गंगरार निवासी शोभालाल और हमीरगढ़ निवासी विनोद गुर्जर शामिल हैं। जेल प्रशासन ने आरोप लगाया कि इन बंदियों ने जेल के अंदर प्रतिबंधित सामग्री मंगवाई और उसका उपयोग किया। इसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने जेल प्रहरी वेदराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक(एसआई) पारस कुमार को सौंप दी। जेल अधीक्षक बोले- बैरक में पार्टी करते दिख रहे बंदी
जेल अधीक्षक नरेंद्र स्वामी ने बताया- सूचना मिली थी कि कैदियों ने वीडियो वायरल किया है। बैरक में ही पार्टी कर रहे थे। इस संबंध में कोतवाली में FIR दे दी गई है। मोबाइल कैसे आया, मामले की जांच की जा रही है। ……………………………………….. ये खबर भी पढ़िए…
चित्तौड़गढ़ में रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या:हिस्ट्रीशीटरों ने साथियों के साथ होटल में घेरकर फायरिंग की, पहली मंजिल से नीचे फेंका चित्तौड़गढ़ में रविवार देर रात रिटायर्ड ASI के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खा रहा था। 7 गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे 25 लोगों ने होटल को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। घटना कोतवाली इलाके के सेमलपुरा चौराहे पर हुई है। पूरी खबर पढ़िए
