डीडवाना में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स राजस्थान राज्य के तत्वावधान में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। पंडित बछराज व्यास आदर्श विद्या मंदिर में आयोजित यह शिविर 25 जुलाई तक चलेगा। मुख्य अतिथि सुरेंद्र प्रताप सिंह चांद बासनी ने ध्वजारोहण कर इसका शुभारंभ किया। अजमेर संभाग के सहायक राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) मनोज कुमार त्रिवेदी ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य स्काउट-गाइड सदस्यों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास करना है। प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को दिशा ज्ञान, विभिन्न प्रकार की गांठें बांधने की तकनीक, शारीरिक व्यायाम, लेआउट तैयार करना और ध्वज शिष्टाचार सिखाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए विभिन्न विषयों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जा रही हैं। सहायक शिविर संचालक और बीकानेर संभाग के सहायक राज्य संगठन आयुक्त प्रदीप ईश्वरवाल ने बताया कि प्रशिक्षण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में शिविरार्थियों ने मंदिर के पुजारी और ग्रामीणों के सहयोग से ‘परिंदा अभियान’ चलाया। इस अभियान के तहत बेजुबान पक्षियों के लिए परिंडे लगाए गए। साथ ही, पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर जिला ऑर्गेनाइजर (स्काउट) रूपेश कुमार मीणा, जिला प्रभारी विष्णु कुमार बनकर, प्रियंका गुर्जर, प्रशिक्षक रवि योगी और सुरेंद्र यादव सहित कई पदाधिकारी, प्रशिक्षक तथा ग्रामीण उपस्थित रहे।