जोधपुर का मेडिकल प्रशासन लगातार सिजेरियन डिलीवरी के बाद बिगड़ रही प्रसूताओं की तबीयत को लेकर पर्दा डाल रहा है। अब बताया जा रहा है कि तीन प्रसूताओं की किडनी में इन्फेक्शन हुआ है। अब मेडिकल कॉलेज की ओर से जारी की जानकारी में बताया गया है कि 5 नहीं 8 प्रसूताओं का इलाज चल रहा है। इनमें से एक प्रसूता की गलत खून चढ़ाने के बाद तबीयत बिगड़ी थी। ये सभी हॉस्पिटल में एडमिट है। इनमें से 5 प्रसूताओं का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि 3 प्रसूताएं महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट हैं। यहां पर एक प्रसूता पिछले 24 दिन से एडमिट है, जो वेंटिलेटर पर है और उसका डायलिसिस भी चल रहा है। उम्मेद हॉस्पिटल में इन प्रसूताओं का चल रहा है इलाज प्रसूता सरोज को ओसियां से रेफर किया गया था। सरोज को कार्डियक प्रॉब्लम हुई थी, जिससे सिजेरियन डिलीवरी करने पड़ी। अभी सरोज वेंटिलेटर पर है। हालत में सुधार होने पर एमआरआई करवाई जाएगी। प्रसूता रेखा को शुक्रवार को पाली के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था। उसे ब्लीडिंग और हेल्प सिंड्रोम की दिक्कत थी। वह अभी ऑक्सीजन पर है। ब्लीडिंग ज्यादा होने पर शुक्रवार को एक बार उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, अब हटा दिया गया है।
प्रसूता पूजा को शेरगढ़ से उम्मेद हॉस्पिटल लाया गया था। ज्यादा ब्लीडिंग होने के बाद अभी आईसीयू में है। रोशनी को नागौर से रेफर किया गया था। वह भी नागौर के प्राइवेट हॉस्पिटल से उम्मेद हॉस्पिटल रेफर हुई थी। उसे पहले से बीपी की समस्या थी। बीपी बढ़ गया था। इसके साथ ही बच्चा उल्टा हुआ था। अभी ऑक्सीजन सपोर्ट पर आईसीयू में है। प्रसूता बज्जू को जैतारण के प्राइवेट हॉस्पिटल से रेफर किया गया था। उसके WBC चढ़ाया गया है। प्लेटलेट्स कम है, इसके लिए हॉस्पिटल ने डोनर की व्यवस्था की जा रही है।
महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एक प्रसूता उम्मेद से रेफर धापू की बावड़ी में नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। इसके बाद एनीमिया के कारण उसे उम्मेद हॉस्पिटल रेफर किया गया था। लेकिन, 12 जुलाई को O पॉजिटिव की जगह B पॉजिटिव ब्लड चढ़ा दिया था। इसके बाद 13 जुलाई को उसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल रेफर किया गया। अभी उसकी हालत में सुधार है। दूसरी महिला तिंवरी निवासी समू है, जो पिछले 24 दिनों से महात्मा गांधी हॉस्पिटल में है। इसके गर्भाशय और पेशाब की थैली फट गई थी। इसी हालत में 24 जून को इसे महात्मा गांधी हॉस्पिटल लाया गया था। अभी ये वेंटिलेटर पर है और डायलिसिस चल रहा है। तीसरी प्रसूता बावड़ी निवासी उषा है। जिसे 18 जुलाई शनिवार को उम्मेद हॉस्पिटल से महात्मा गांधी रेफर किया गया था। इस महिला के ज्यादा खून बहने के कारण किडनी पर असर आया। इसके बाद उसे रेफर किया गया। इधर, अधिकारी पहुंचे निरीक्षण करने, प्रिंसिपल बोले- बीपी और तान आने से बिगड़ी तबीयत इधर, इस मामले को लेकर एडीएम जवाहर चौधरी महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके साथ ही एसडीएम (दक्षिण) पंकज जैन ने भी अस्पताल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाएं देखी। संभागीय आयुक्त केएल स्वामी भी उम्मेद हॉस्पिटल पहुंचे थे और यहां की सारी व्यवस्थाओं का जायता लेने के साथ रिव्यू भी किया। वहीं इस मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. बीएस जोधा ने बताया कि तीन प्रसूताओं की किडनी में इन्फेक्शन है, जो महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट है। जबकि उम्मेद हॉस्पिटल में एडमिट प्रसूताओं में बीपी और तान आने की शिकायत है। ———— मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जोधपुर में फिर 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी:तीन ICU में; 1 वेंटिलेटर पर, उम्मेद हॉस्पिटल का दावा-सभी रेफर होकर आईं जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद फिर प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आय है। पिछले दो दिन में 5 प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ी है। इन सभी का इलाज उम्मेद हॉस्पिटल में चल रहा है। (पूरी खबर पढ़ें…)
