दौसा में कार से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने पहले इलाके की रैकी की, फिर एटीएम बूथ का ताला तोड़कर लूट का प्रयास किया। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद वे बूथ में घुसे और लोहे की रॉड से कैश बॉक्स उखाड़ने की कोशिश की। करीब छह मिनट तक प्रयास करने के बाद भी सफलता नहीं मिली और सड़क पर वाहनों की आवाजाही बढ़ने पर वे फरार हो गए। हालांकि, बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। घटना रविवार देर रात करीब 1:30 बजे सिकराय कस्बे में एसबीआई बैंक के बाहर स्थित एटीएम बूथ पर हुई। देखिए… तस्वीरों में घटनक्रम फोटो-1 : एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी का तार काटने के बाद बदमाश अंदर घुसे। कुछ देर प्रयास के बाद वापस बाहर चले गए। फोटो-2 : एक बदमाश लोहे की रॉड लेकर वापस अंदर आया और कैश बॉक्स तोड़ने का प्रयास किया। फोटो-3 : बदमाश रॉड से कैश बॉक्स नहीं तोड़ पाया तो चला गया। देर रात एटीएम लूट की कोशिश, वारदात कैमरे में कैद
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे कार से आए तीन बदमाशों ने लोहे की रॉड से शटर का ताला तोड़ा और बूथ में घुस गए। बदमाशों ने एटीएम बूथ के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और एटीएम मशीन को उखाड़ने की कोशिश की। हालांकि, सड़क पर वाहनों की आवाजाही देखकर वे वारदात अधूरी छोड़कर भाग निकले। पूरी घटना बूथ के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। रैकी के बाद 6 मिनट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने वारदात से पहले सिकराय कस्बे की सड़कों पर घूमकर रैकी की थी। इसके बाद दो नकाबपोश बदमाश लोहे की रॉड लेकर एटीएम बूथ में घुसे और कैश बॉक्स को तोड़ने का प्रयास किया। करीब 6 मिनट तक कोशिश करने के बाद सफलता नहीं मिलने पर वे कार में बैठकर फरार हो गए। एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, पुरानी वारदात भी रही चर्चा में
सूचना पर एएसपी शंकर लाल मीणा, डिप्टी एसपी धर्मराज चौधरी और मानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सोमवार सुबह मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने टीम के साथ बैंक पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज देखे। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस बदमाशों और उनकी कार की पहचान में जुटी है। इसी एटीएम बूथ से नवंबर 2022 में करीब 10 लाख रुपए से भरा कैश बॉक्स लूट लिया गया था। उस दौरान गश्त कर रहे एक होमगार्ड जवान को बदमाशों ने वाहन से कुचल दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। फिलहाल पुलिस एटीएम बूथ और आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इनपुट: देवेन्द्र सैंहणा
