अजमेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के श्री टॉकीज अहाता मोहल्ला में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। चोर ताले तोड़कर एक घर से कैश और सोने-चांदी के जेवर ले गए। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित अनिल दायमा ने बताया- मां हमने मिलने के लिए जयपुर आई हुई थीं। घर सूना होने का फायदा उठाकर चोरों ने रात में ताले तोड़ दिए। पड़ोस के एक अन्य मकान में भी चोरी की वारदात हुई है। अनिल दायमा के अनुसार, चोर अलमारी का ताला तोड़कर करीब 10 से 12 हजार रुपए नकद, एक सोने की अंगूठी, चार चांदी के सिक्के और चार से पांच चांदी की अंगूठियां चोरी कर ले गए। सुबह घटना का पता चलने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पीड़ित ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोहल्ले के बाहर बाबा गेस्ट हाउस के पास पुलिस की तैनाती रहती है। सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने मौके का मुआयना किया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
