उदयपुर के बड़गांव स्थित टाइगर हिल्स के प्रताप गौरव केंद्र में 12 जुलाई सम्मान समारोह होगा। विप्र फाउंडेशन के शिक्षा रोजगार और प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ (जोन 1A) की तरफ से यहां भव्य विप्र प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित होगा। इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यनारायण श्रीमाली शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक और राष्ट्रीय संरक्षक धर्मनारायण जोशी करेंगे। समारोह में समाज के कई बड़े चेहरे और वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, जिनमें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम सिखवाल, प्रमुख राष्ट्रीय महामंत्री के. के. शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री प्रमोद पालीवाल, राजस्थान के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतीश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र पालीवाल और शिक्षाविद आर. एस. व्यास शामिल हैं। इनके साथ ही विप्र समाज के कई गणमान्य लोग भी इस मौके पर उपस्थित रहकर बच्चों का हौसला बढ़ाएंगे। प्रतिभाओं का होगा सम्मान इस पूरे आयोजन को तीन अलग-अलग सत्रों में बांटा गया है, ताकि हर विषय पर अच्छे से ध्यान दिया जा सके। पहले सत्र में विप्र समाज के उन होनहार स्टूडेंट्स को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने 10वीं, 12वीं, ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन में 85 प्रतिशत से ज्यादा नंबर हासिल किए हैं। खेलकूद, कला, संस्कृति, समाजसेवा, नई सेवाओं में चुने गए सरकारी कर्मचारियों और ऊंची सेवाओं में गए प्रतिभावान लोगों को भी इस मंच पर सम्मान मिलेगा। इसके बाद दूसरे सत्र में हाल ही में आईएएस और आरएएस परीक्षा में सफलता पाने वाले समाज के नए अफसरों का विशेष सम्मान किया जाएगा। वहीं, तीसरा सत्र पूरी तरह से युवाओं के करियर को समर्पित होगा। युवाओं को मिलेगा करियर गाइडेंस इसमें कॉम्पिटिशन एग्जाम, खासकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक गाइडेंस सेमिनार रखा गया है। इस सेमिनार में एक्सपर्ट्स और पहले से सफल हो चुके लोग आकर युवाओं को परीक्षा पास करने के जरूरी टिप्स और अपने अनुभव शेयर करेंगे। विप्र शिक्षा रोजगार और प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. एच. आर. दवे ने बताया कि इस कार्यक्रम को कराने का असली मकसद समाज के होनहारों का हौसला बढ़ाना तो है, साथ ही उन्हें सही समय पर सही गाइडेंस देना भी है। इस आयोजन के जरिए युवाओं को आगे बढ़ने के लिए एक क्लीयर रोडमैप तैयार करके दिया जाएगा।
