कोटा के राजकीय महाविद्यालय (साइंस कॉलेज) मे लगी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा टूटने पर हंगामा हो गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने एबीवीपी पर मूर्ति तोड़ने का आरोप लगाया। कॉलेज प्रिंसिपल से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की और धरने पर बैठ गए। हंगामे की सूचना पर नयापुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से समझाइश की। कॉलेज प्रिंसिपल प्रतिमा श्रीवास्तव का कहना है काफी सालों पहले पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष द्वारा यह POP की मूर्ति लगवाई गई थी। मूर्ति जर्जर हो चुकी थी। आज मूर्ति का सिर, धड़ से अलग हो गया। पता लगने पर कमेटी को जांच के लिए भेजा। कमेटी ने मौके पर जाकर जांच की। कमेटी का कहना है कि जानबूझकर मूर्ति नहीं तोड़ी गई, मूर्ति जर्जर थी। एनएसयूआई का आरोप- मूर्ति पर चढ़े ABVP कार्यकर्ता एनएसयूआई के प्रदेश सचिव रिद्धम शर्मा व मोहित वाल्मीकि ने बताया कि दोपहर 12 बजे करीब एबीवीपी के कार्यकर्ता पटाखे फोड़ते और नारेबाजी करते हुए कॉलेज कैम्पस में लगी स्वामी विवेकानंद की मूर्ति को माला पहनाने पहुंचे थे। एक कार्यकर्ता मूर्ति पर चढ़ गया, जिससे मूर्ति टूट गई। जैसे ही एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को पता लगा सभी कार्यकर्ता मूर्ति के पास पहुंचे। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने हमें घेर लिया। जिसके बाद एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल को घटना के बारे में बताया। फिर मूर्ति के सामने धरने पर बैठे। हमारी मांग है कि दोषी कार्यकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाए। एबीवीपी कार्यकर्ता बोले- साफ-सफाई करते हुए खंडित हुई एबीवीपी के विभाग संयोजक निखिल सिंह ने बताया कि एबीवीपी के कार्यकर्ता मूर्ति की साफ- सफाई कर रहे थे। बाद में माला भी पहनानी थी। साफ-सफाई करते समय मूर्ति खंडित हो गई। मूर्ति पहले से ही क्षतिग्रस्त और जर्जर थी। मूर्ति को ठीक करवाने को लेकर तीन साल से एबीवीपी कार्यकर्ता प्रयास कर रहे हैं। कॉलेज प्रशासन को ज्ञापन भी दे चुके। कुछ संगठन इसे राजनीतिक मुद्दा बना रहे हैं।
