हनुमानगढ़ के नोहर के पास भादरा मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार दो बहनों और पोते की मौत हो गई। तीनों हरियाणा के सिरसा के एलनाबाद से अपने रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान नोहर से एक किलोमीटर पहले मंगलवार दोपहर 3 बजे ये हादसा हो गया। सिरसा में रिश्तेदार के यहां गए थे नोहर थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर अजय गिरधर ने बताया-हादसे में नोहर के भोगराना निवासी विद्यादेवी (50), पोता अनिल (17) और थिराना निवासी विद्या देवी की बड़ी बहन सुमित्रा देवी (65) की मौत हुई है। तीनों सिरसा जिले के एलनाबाद में अपने रिश्तेदार के यहां गमी में गए थे, वापस लौटते समय नोहर से एक किलोमीटर पहले नोहर-भादरा मार्ग पर सामने से आ रही कार ने इनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में सुमित्रा देवी और अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गंभीर रूप से घायल विद्यादेवी को नोहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया। तीनों शवों को नोहर अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। ृ कार ड्राइवर मौके से फरार इधर, ड्राइवर कार लेकर फरार हो गया। हादसे को लेकर महिला के परिजनों ने नोहर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि कार ड्राइवर को गिरफ्तार किया जाए। विद्या के पति खेती करते हैं। उनके दो बेटे है। अनिल बड़े बेटे की संतान है। अनिल ने हाल ही में 12वीं पास की थी। वह फौज में जाने की तैयारी कर रहा था।
