भीलवाड़ा में होटल से खाना खाकर लौट रहे दो दोस्तों को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में सिर फटने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर घायल साथी का हॉस्पिटल में इलाज जारी है। हादसा मंगलवार की दोपहर करीब 3 बजे मांडल कस्बे से गुजर रहे जयपुर-उदयपुर नेशनल हाईवे बदालीखेड़ा चौराहे पर आशीर्वाद होटल से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुआ। मांडल थानाधिकारी रोहिताश ने बताया- हादसे में अर्पित बिड़ला (32) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका साथी गिरीश गर्ग गंभीर घायल है। फरार ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। होटल से खाना खाकर लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार- मांडल निवासी अर्पित बिड़ला (32) पुत्र श्यामसुंदर बिड़ला और उसका दोस्त गिरीश गर्ग पुत्र गोपाल गर्ग, निवासी भीलवाड़ा बाइक पर बदालीखेड़ा चौराहे पर आशीर्वाद होटल पर खाना खाने गए थे। खाना खाकर लौटते समय होटल से करीब 100 मीटर दूरी पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में अर्पित का सिर फट गया और खून बहने लगा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गिरीश गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। मांडल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गिरीश को एंबुलेंस की मदद से मांडल के उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जबकि मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा है। पुलिस के अनुसार- अर्पित के पिता रिटायर्ड टीचर है। जबकि मां गृहिणी है। घर में बड़ा भाई है, जो शादीशुदा है। अर्पित प्राइवेट नौकरी करता था।