जयपुर के तेज गेंदबाज अशोक शर्मा का भारतीय क्रिकेट टीम में चयन हो गया है। अशोक शर्मा तेज गेंदबाज हैं। अशोक शर्मा ने तेज रफ्तार गेंदबाजी से घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खास पहचान बनाई है। उन्हें अब पहली बार टी-20 इंटरनेशनल टीम में चुना गया है। अशोक शर्मा जयपुर के रामपुरा गांव के रहने वाले हैं। पिछले साल गुजरात टाइटंस ने अशोक को 90 लाख रुपए में खरीदा और इस साल उन्होंने अपना डेब्यू किया। अशोक शर्मा 23 से 26 जुलाई तक जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 सीरीज में टीम इंडिया का हिस्सा होंगे। भारतीय टीम में जगह मिलने के साथ ही अशोक का सपना पूरा हो गया। टीम इंडिया में सिलेक्शन के बाद अशोक शर्मा ने कहा- यह मेरे जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने कहा- जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तभी से भारतीय टीम की जर्सी पहनने का सपना देखा था। अब वह सपना सच हो गया है। इस खुशी को शब्दों में बयां करना आसान नहीं है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि इस मौके का पूरा फायदा उठाऊं और प्रदर्शन से टीम इंडिया को सीरीज जिताने में अहम भूमिका निभाऊं। आईपीएल में कई टीमों में खेल चुके अशोक शर्मा ने IPL में राजस्थान रॉयल्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और गुजरात टाइटंस का हिस्सा रह चुके हैं। आईपीएल के दौरान अशोक शर्मा ने 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी कर क्रिकेट विशेषज्ञों और प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी गति और लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के कारण वे सिलेक्टर की नजर में आए। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन का बने थे हिस्सा आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने अशोक शर्मा को घरेलू क्रिकेट में अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हुए अशोक शर्मा ने नए घरेलू सत्र से गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के बैनर तले खेलने का फैसला किया। अब भारतीय टीम में चयन के साथ अशोक शर्मा के करियर ने नई ऊंचाई हासिल कर ली है। राजस्थान के लिए यह उपलब्धि भी खास मानी जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि अशोक शर्मा अपनी तेज गेंदबाजी से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभाव छोड़ेंगे और भारतीय टीम के लिए मैच जिताऊ प्रदर्शन करेंगे। बता दें कि इससे पहले अशोक शर्मा को भारतीय-ए टीम के लिए सिलेक्ट किया गया था। जून महीने में श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही सीरीज में भारतीय-ए टीम के सदस्य युद्धवीर सिंह फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए थे। इसके बाद तेज गेंदबाज के तौर पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अशोक शर्मा को उनकी जगह टीम में शामिल किया था।
