सवाई माधोपुर जिले के कुस्तला कस्बे में आज शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई। यहां कुस्तला तिराहे पर पुलिस द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस ने बाइक पर सवार पति-पत्नी को रोकने का प्रयास किया गया। तभी ट्रक ने दम्पति को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक कुछ ही कदम आगे बढ़ी थी कि पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चेनपुरा निवासी बरफा देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति राजूलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों पति-पत्नी सवाई माधोपुर में मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा तिराहे पर वाहन रोकने का तरीका बेहद खतरनाक था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
घटना के बाद मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया। लोगों ने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस अक्सर राहगीरों और ग्रामीणों को बेवजह परेशान करती है। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक 108 एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। आखिरकार पुलिस ने घायल राजूलाल को अपनी सरकारी जीप से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। ग्रामीणों ने पचास लाख रूपए मुआवजे की मांग
हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने लालसोट-कोटा मेगा हाईवे पर जाम लगा दिया और महिला के परिजनों को 50 लाख रुपए के आर्थिक मुआवजे की मांग की। काफी देर तक सड़क पर महिला का शव पड़ा रहा और ग्रामीणों ने उसे उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया है। मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और ग्रामीणों से लगातार समझाइश की जा रही है।मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है।
सड़क हादसे में महिला की मौत, एक गंभीर घायल:सवाई माधोपुर से घर लौटते समय दम्पति को ट्रक ने टक्कर मारी
