बाड़मेर में बड़े भाई ने छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। छोटा भाई रुपए के लेन-देन का हिसाब करने अपने बड़े भाई के घर गया था। दोनों भाइयों में किसी बात को बहस होने लगी। आवेश में आकर बड़े भाई ने घर में पड़े क्रिकेट बैट से छोटे भाई के सिर पर कई वार किए। इससे छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शिव थाना इलाके के पुषड़ गांव में गुरुवार शाम की है। मृतक सुरेश (25) पुत्र तोगाराम खेती करता था। पिता की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बड़े भाई जेठाराम को डिटेन कर लिया। एफएसएल और एमओबी टीमों ने मौके से सबूत जुटाए। पैसे को लेकर दोनों भाइयों में हुआ था विवाद शिव थानाधिकारी मनोहर विश्नोई ने बताया- पुषड़ गांव निवासी तोगा राम का बड़ा बेटा जेठाराम गांव के बाहर बनी ढाणी में पिता और अपने परिवार के साथ रहता है। वहीं छोटा बेटा गांव में रहता था। दोनों भाई खेती करते थे। गुरुवार शाम सुरेश रुपए के लेन-देन को लेकर जेठा राम के घर गया था। वहां दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। पिता तोगाराम बड़े बेटे जेठाराम के साथ ही रहते हैं। घटना के समय पिता और जेठाराम की पत्नी घर पर ही थी, दोनों ने विवाद को शांत करवाने का प्रयास किया। जेठाराम ने क्रिकेट बैट से सुरेश के सिर पर वार कर दिया। जिससे सुरेश की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों भाई तीन साल से अलग रह रहे थे दोनों भाई करीब 3 साल से अलग रह रहे थे। दोनों के घरों में करीब 5 किलोमीटर की दूरी है। हालांकि लेन-देन के विवाद को लेकर फिलहाल जांच जारी है। थानाधिकारी ने बताया- मृतक के पिता तोगाराम ने बड़े बेटे जेठाराम के खिलाफ शुक्रवार को रुपए के लेन-देन को लेकर छोटे बेटे सुरेश का मर्डर करने की रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।