जैसलमेर जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाचना उपनिवेशन विभाग के पटवार हल्का अजासर के पटवारी लखवीर यादव और उसके प्राईवेट दलाल जेटूसिंह को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। आरोपियों से पूछताछ जारी है। साथ ही पटवारी के सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन भी चल रहा है। मामले की जांच जारी है। पिता के खेत की तरमीन और रिकॉर्ड इंद्राज के बदले मांगी रिश्वत एसीबी के महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने एसीबी जैसलमेर चौकी में उपस्थित होकर शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत के अनुसार, परिवादी के पिता के खेत की पुनः तरमीन कर राजस्व रिकॉर्ड में इंद्राज करने और पैमाइश की मौका रिपोर्ट तैयार करने के बदले पटवारी लखवीर यादव अपने प्राईवेट दलाल जेटूसिंह के जरिए 50 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था। रिश्वत नहीं देने पर वह लंबे समय से परिवादी को परेशान कर रहा था। शिकायत का सत्यापन कर एसीबी ने बिछाया जाल एसीबी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद नारायण टोगस, उप महानिरीक्षक पुलिस, एसीबी जोधपुर के सुपरविजन में जैसलमेर चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरपतचन्द की टीम ने ट्रैप की पूरी योजना बनाई। दलाल से बरामद हुई 50 हजार रुपए की रिश्वत शुक्रवार को जैसे ही परिवादी ने रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से तैनात एसीबी टीम ने तुरंत दबिश देकर पटवारी लखवीर यादव और उसके प्राईवेट दलाल जेटूसिंह को पकड़ लिया। टीम ने दलाल जेटूसिंह के कब्जे से मौके पर ही रिश्वत के पूरे 50 हजार रुपए बरामद कर लिए। सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन जारी गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी टीम पटवारी लखवीर यादव को साथ लेकर उसके सरकारी आवास पहुंची। खबर लिखे जाने तक वहां सर्च ऑपरेशन जारी था। टीम अलमारियों, बैंक खातों, जमीनों के डाक्यूमेंट्स और अन्य संभावित संपत्तियों की जांच कर रही है। एसीबी मुख्यालय की निगरानी में कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसीबी जयपुर) स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे का अनुसंधान करेगी। खबर अपडेट की जा रही है।