जालोर में भारतीय स्टेट बैंक(SBI) ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में बुधवार को भारतीय स्टेट बैंक(SBI) का स्थापना दिवस मनाया गया। संस्थान परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया और प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार व बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। आरसेटी अनुदेशक योगेश दवे ने बताया- स्थापना दिवस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक महाप्रबंधक हेमेन्द्र सांखला थे। कार्यक्रम में कचहरी शाखा के मुख्य प्रबंधक, असिस्टेंट ब्रांच मैनेजर सुरेंद्र प्रताप सिंह और आरसेटी निदेशक अशोक कुमार भी शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने संस्थान परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। स्वरोजगार और साइबर सुरक्षा की जानकारी दी
मुख्य अतिथि सहायक महाप्रबंधक हेमेन्द्र सांखला ने महिला सिलाई वस्त्र एवं महिला ब्यूटी पार्लर की प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए जीवन में स्वरोजगार की महत्ता बताई। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे प्रशिक्षण पूरा कर स्वयं का कार्य प्रारंभ करें। इसके साथ ही उन्होंने बैंक से ऋण लेकर अपने लक्ष्यों को अर्जित करने के विभिन्न आयामों की जानकारी दी। सांखला ने प्रशिक्षणार्थियों को बैंक की विभिन्न वित्तीय योजनाओं से अवगत कराने के साथ-साथ वर्तमान दौर में बढ़ रहे साइबर क्राइम से सतर्क रहने और सुरक्षित बैंकिंग अपनाने के टिप्स भी दिए। उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्टूडेंट्स को मिला पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान महिला वस्त्र सिलाई बैच की उन प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कृत किया गया, जिन्होंने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट सिलाई कार्य का प्रदर्शन किया था। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के निदेशक अशोक कुमार ने पधारे हुए सभी अतिथियों का आभार और धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अजय रावत, उदिता, फूलाराम, अर्जुन कुमार परिहार, बैंक कार्ड भीम सिंह सहित संस्थान के स्टाफ और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।
