जयपुर में बुधवार शाम घुमंतू और अर्धघुमंतू जातियों की महापंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। महापंचायत के बाद प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े। इस पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने कुछ उपद्रवी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में कर लिया है। अब देखिए, हंगामे से जुड़ी PHOTOS… 10% आरक्षण की मांग को लेकर बुलाई गई थी महापंचायत
घुमंतू और अर्धघुमंतू समाज के लोग 10 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर बुधवार को जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में महापंचायत कर रहे थे। महापंचायत खत्म होने के बाद शाम करीब 6 बजे समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने की घोषणा कर दी। पुलिस ने पहले से ही सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त कर रखे थे और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की हुई थी। जैसे ही प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने उनको रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस और स्थानीय लोगों पर किया पथराव
डीसीपी (DCP) नॉर्थ करण शर्मा ने बताया- प्रदर्शनकारियों की मांगों को लेकर पुलिस ने उनके एक प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) की सरकार के उच्च स्तर पर मुलाकात भी करवाई थी, जहां काफी सकारात्मक वार्ता हुई। इसके बावजूद कुछ प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए। डीसीपी ने बताया- सुरक्षा के लिहाज से धरनास्थल पर बैरिकेडिंग की गई थी, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की। कुछ लोगों ने स्थानीय निवासियों के साथ बदतमीजी की। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया, तो उन्होंने पुलिस और स्थानीय लोगों पर पथराव कर दिया। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा। पथराव में 12 से ज्यादा लोगों (पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग) को चोटें आई है। पुलिस के लाठीचार्ज में कुछ प्रदर्शनकारी भी चोटिल हुए हैं। पुलिस ने करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है।
