रास्ते से अतिक्रमण हटाने गई राजस्व टीम और पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही कुछ लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस ने मौके पर पूरी स्थिति को नियंत्रित कर लिया। रास्ते को जेसीबी की मदद से किया चौड़ा मामला किशनगढ़ के सुरसुरा गांव का है। मंगलवार को तहसील प्रशासन खसरा नंबर 641 और 646 ले अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंचा। कृषि भूमि तक जाने वाले रास्ते को जेसीबी की मदद से चौड़ा किया गया।जिससे किसान और ग्रामीणों का आवागमन आसान हो सके। इस दौरान पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और शांतिभंग के मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई। अधिकारी और पुलिस जाप्ता रहा मौजूद कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार सुभाष रोज के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही। थाना प्रभारी (सीआई) रामस्वरूप चौधरी, एएसआई बनवारी लाल विश्नोई, गिरदावर मंजू लता, पटवारी दिनेश माली और पुलिस लाइन से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। प्रशासनिक अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र की निगरानी करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई। प्रशासन ने कहा-अतिक्रमण नहीं होगा बर्दाश्त प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक रास्तों, सरकारी भूमि और राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज मार्गों पर किए गए अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। आमजन के आवागमन में बाधा बनने वाले ऐसे अतिक्रमणों के विरुद्ध भविष्य में भी अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
