छत्तीसगढ़ पुलिस ने बांसवाड़ा पुलिस की मदद से चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एक सरकारी ठेके की तिजोरी तोड़कर 7 लाख की चोरी करने वाले चार शातिर चोरों को पकड़ा है। रायपुर पुलिस की टीम आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हो चुकी है। 7 लाख की नकदी पार की थी ​कोतवाली थाना अधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई ने बताया- रायपुर (छत्तीसगढ़) के आमानाका थाने से पुलिस टीम बांसवाड़ा पहुंची थी। रायपुर पुलिस ने सूचना दी थी कि वहां के एक सरकारी ठेके में नकबजनी की वारदात हुई है, जहां चोरों ने तिजोरी तोड़कर 7 लाख की नकदी पार कर दी थी। इस मामले में बांसवाड़ा इलाके के कुछ वांछित आरोपी शामिल थे। ​मुखबिर की सूचना से पकड़े गए चारों ​मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाई। पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी अपने घरों के आसपास ही छिपे हुए हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चारों आरेापी पवन पाटीदार, सुनील चरपोटा, राय​सिंह निनामा, प्रकाश मीणा को डिटेन किया। पूछताछ में जुर्म कबूलने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। ​ट्रांजिट रिमांड पर लेकर रवाना हुई ​थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई के अनुसार, गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनका ट्रांजिट रिमांड लिया गया है। रायपुर पुलिस की टीम कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपियों को अपने साथ छत्तीसगढ़ लेकर रवाना हो चुकी है, जहां इनसे आगे की पूछताछ और रकम बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे।