लालसोट शहर के पास घाटे की ढलान में मंगलवार शाम एक निजी बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। लालसोट थानाधिकारी पवन कुमार जाट ने बताया कि लालसोट की ओर आ रही निजी बस ने आगे चल रही स्कूटी को पीछे से टक्कर मारी। स्कूटी पर तुंगा निवासी खुशी सैनी और लालसोट निवासी कल्पना सैनी सवार थीं। दोनों छात्राओं को गंभीर हालत में एंबुलेंस से लालसोट जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने खुशी सैनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि कल्पना सैनी का प्राथमिक उपचार किया गया। बस लेकर फरार हुआ ड्राइवर टक्कर मारने के बाद ड्राइवर बस लेकर फरार हो गया था। सूचना मिलने पर लालसोट थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया। मृतका के परिजनों ने लालसोट थाने में बस ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने मेडिकल टीम से पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।