जालोर जिले की सांचौर थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामलों में वांछित दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। प्रत्येक अपराधी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक जालोर के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई। इस अभियान का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रत्नू और वृताधिकारी जयराम मुंडेल ने किया। पहली कार्रवाई में पुलिस ने वर्ष 2020 से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सुरेंद्र पुत्र दीवानसिंह गुर्जर को हरियाणा के हिसार से दबोचा। सुरेंद्र सांचौर थाना में आबकारी अधिनियम के एक मामले में पिछले छह वर्षों से वांछित था। सुरेंद्र फरार चल रहा था वर्ष 2020 में सांचौर क्षेत्र में एक ट्रक से चावल की भूसी के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही हरियाणा निर्मित 220 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद की गई थी। इस मामले में दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से सुरेंद्र फरार चल रहा था। पुलिस की विशेष टीम ने रोहतक और हिसार में लगातार निगरानी कर उसे गिरफ्तार किया। दूसरी कार्रवाई में वर्ष 2023 से फरार 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजेंद्र पुत्र डूंगरमल जाट निवासी गज्जुवास, जिला चूरू को उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार किया गया। राजेंद्र सांचौर थाना में दर्ज अवैध शराब तस्करी के एक अन्य मामले में वांछित था। 132 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी वर्ष 2023 में धमाणा क्षेत्र में एक ट्रक से पंजाब निर्मित 132 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। ट्रक मालिक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस शराब सिंडिकेट के कथित मास्टरमाइंड राजेंद्र की तलाश कर रही थी। विशेष टीम ने चूरू में लगातार रेकी कर आरोपी को अचानक दबिश देकर पकड़ा। दोनों कार्रवाइयों का नेतृत्व सांचौर थानाधिकारी निरीक्षक नेमाराम ने किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वांछित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
