बीकानेर के कोटगेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकबजनी के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 17 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। कार्रवाई थाना स्तर पर गठित विशेष टीम ने की। कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि भगवानपुरा बस्ती, गली नंबर-6 स्थित एक मकान में हुई नकबजनी के मामले में दर्ज प्रकरण दर्ज हुआ था। जांच के दौरान तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध सावन उर्फ लालू उर्फ लालिया पुत्र रामस्वरूप वाल्मीकि (23) निवासी सांजू, थाना डेगाना, जिला नागौर (हाल निवासी बांदरा बास, कोटगेट, बीकानेर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने उक्त मकान में चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर प्रकरण में चोरी हुए करीब 17 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी शातिर नकबजन है तथा उसके खिलाफ विभिन्न पुलिस थानों में चोरी और नकबजनी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपी से थाना पुलिस की ओर से विस्तृत पूछताछ और अनुसंधान जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। टीम को मिली सफलता थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि कार्रवाई में उनके नेतृत्व में गठित टीम के सदस्य सहायक उप निरीक्षक प्रवीण, हेड कांस्टेबल सुभाष, कांस्टेबल संजय सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल संजय की सूचना एवं कार्रवाई में अहम भूमिका रही।
