प्रतापगढ़ में एक 15 वर्षीय किशोरी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को परिवाद देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। किशोरी ने अपने पिता और एक अन्य व्यक्ति पर उसकी इच्छा के विरुद्ध दूसरी जगह रिश्ता तय करने का दबाव बनाने तथा विरोध करने पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। मामले में पुलिस जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। किशोरी ने अपने परिवाद में बताया- 17 जनवरी 2026 को समाज की परंपरा के अनुसार उसकी सगाई हुई थी। उसका आरोप है कि सगाई के बाद में उसके पिता ने कथित रूप से सगाई वाले पक्ष से अधिक धन की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर सगाई तोड़ दी गई और उसके बाद दूसरी जगह रिश्ता कराने की तैयारी शुरू कर दी गई, जिसका उसने विरोध किया। मारपीट का आरोप, घर छोड़कर पहुंची सुरक्षा मांगने किशोरी का आरोप है कि विरोध करने पर उसे बंधक बनाकर मारपीट की गई। उसने बताया कि करीब छह दिन पहले वह घर छोड़कर अपने पूर्व सगाई वाले युवक के पास पहुंची। इसके बाद दोनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी सुरक्षा की मांग करते हुए परिवाद सौंपा। अपनी पसंद से शादी करने की जताई इच्छा परिवाद में किशोरी ने कहा है कि वह अभी नाबालिग है और बालिग होने के बाद अपनी पूर्व सगाई वाले युवक से ही विवाह करना चाहती है। उसने आशंका जताई कि उसके पिता और अन्य लोग उसकी तलाश कर रहे हैं तथा उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसलिए उसने पुलिस से सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। इस बारे में सुहागपुरा थाना अधिकारी मनीष कुमार वैष्णव ने बताया- अभी तक उनके पास इस संबंध में कोई परिवाद प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जैसे ही परिवाद मिलेगा, उसकी जांच कर नियमानुसार उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
