प्रतापगढ़ में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला कलेक्टर शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल मार्च कर ताजिया मार्गों का निरीक्षण किया। कल निकलेगा ताजियों का जुलूस मुस्लिम समुदाय द्वारा शुक्रवार को मोहर्रम के अवसर पर शहर के विभिन्न इलाकों से ताजियों का जुलूस निकाला जाएगा। इन ताजियों की शहर के मानक चौक पर सलामी दी जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि जुलूस के दौरान कोई बाधा न आए और पर्व शांति, सौहार्द तथा भाईचारे के साथ संपन्न हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर शुभम चौधरी और एसपी बी. आदित्य ने उन सभी मार्गों का जायजा लिया जहां से ताजिए गुजरेंगे। अधिकारियों ने मार्ग में मौजूद अतिक्रमणों को चिन्हित किया और उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दिए, ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने बिजली के झूलते तारों की स्थिति का भी निरीक्षण किया और संबंधित विभाग को उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़ने तथा मार्गों पर साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए नगर परिषद अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए कलेक्टर शुभम चौधरी ने मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि मोहर्रम का पर्व पूरी सुरक्षा, शांति और आपसी सद्भाव के साथ संपन्न हो। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन से भी पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।