उदयपुर के अंबामाता थाना इलाके में गुरुवार सुबह एक युवक पर 7-8 बदमाशों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह वारदात सज्जनगढ़ की पहाड़ियों पर चल रहे उर्स के दौरान हुई, जहां युवक जियारत करने गया था। बदमाशों ने युवक को घेर लिया, जिसके बाद वह अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागता रहा। बदमाशों ने जब युवक को पकड़ा, तो उस पर चाकू से कई वार किए। इस हमले में युवक के हाथ पर गंभीर घाव हो गए, जिससे उसके हाथ की नसें कट गईं। वारदात की सूचना मिलते ही अंबामाता थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुँचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। युवकों ने बिना कुछ कहे हमला किया थानाधिकाारी दलपत सिंह ने बताया- गवर्नमेंट प्रेस किशनपोल का रहने वाला शाहनवाज (24) पिता शौकत अली भी सुबह करीब 7 बजे दरगाह पर जियारत करने गया था। वो वापस नीचे लौट रहा था, तभी अचानक 7 – 8 युवकों ने उसे रास्ते में घेर लिया। घायल के अनुसार उन युवकों ने बिना कुछ कहे सीधे शाहनवाज पर चाकू से हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए भागता रहा युवक चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों के हाथ में धारदार चाकू थे और वे शाहनवाज पर लगातार वार कर रहे थे। शाहनवाज खुद को बचाने के लिए चीखते हुए भागने लगा। जब बदमाशों ने उस पर सीधे वार करना चाहा तो उसने अपने हाथ आगे कर दिए। इस दौरान चाकू के गहरे घाव लगने से उसके हाथ की नसें कट गईं और खून बहने लगा। वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। इसके बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। उर्स की वजह से वहां काफी भीड़ थी, इसलिए अचानक हुई इस चाकूबाजी से लोग सहम गए। लहूलुहान शाहनवाज को अस्पताल में भर्ती कराया चश्मदीदों ने बताया – आसपास के लोगों ने तुरंत अंबामाता थाना पुलिस को फोन किया। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान शाहनवाज को अंबामाता अस्पताल लेकर गई। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे तुरंत महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सज्जनगढ़ बाबा के उर्स जा रहा था युवक़ शाहनवाज के पिता शौकत अली ने बताया- मेरा बेटा मोहर्रम की नौवीं पर सज्जनगढ़ बाबा के उर्स में शामिल होने के लिए सुबह घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उस पर हमले की खबर आ गई। शाहनवाज पर हमला क्यों किया गया और हमला करने वाले बदमाश कौन थे। पुलिस उर्स में आए लोगों और चश्मदीदों से पूछताछ कर रही है। अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया- पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास के इनपुट्स जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों को पहचान कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।