बीकानेर के एक युवक के सोशल मीडिया पर लाइव करने के बाद लापता होने का मामला सामने आया है। युवक ने लाइव के दौरान कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए और आत्महत्या करने की चेतावनी दी। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे में पुलिस अब उसे इंदिरा गांधी नहर के पास ढूंढ रही है, जहां उसके कपड़े और कार बरामद हुए हैं। 6 पर लगाए गंभीर आरोप जानकारी के अनुसार, युवक ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर 6 लोगों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया। पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। नहर में सर्च अभियान चल रहा है और फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। नहर किनारे मिली कार और सामान घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान माईलेटी के पास तथा IGNP नहर की आरडी 399 के पास युवक की कार, कपड़े और अन्य निजी सामान मिले। इसके बाद युवक के नहर में गिरने या कूदने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और SDRF जुटी तलाश में बीकानेर से SDRF टीम को भी बुलाया गया। टीम नहर और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश कर रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और युवक के लापता होने के बीच किसी संबंध की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।