मोहाली में इंस्टाग्राम पर संपर्क में आई एक युवती से मिलने गए 17 वर्षीय किशोर का अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में उसे सकुशल बरामद कर लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। घड़ुआं निवासी जसविंदर सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा राहुलप्रीत सिंह उर्फ राहुल अपने दोस्त मनजोत सिंह के साथ बुधवार सुबह करीब 11 बजे खरड़ के सिविल अस्पताल दवाई लेने गया था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मनजोत सिंह ने बाद में फोन कर बताया कि रास्ते में राहुल को इंस्टाग्राम पर संपर्क में आई एक युवती का फोन आया था। जिसने उसे चन्नी रोड स्थित नूर ढाबे के पास मिलने के लिए बुलाया था। जब दोनों युवक नूर ढाबे के पास पहुंचे, तो एक सफेद स्विफ्ट कार और 10-12 मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उन्हें घेर लिया।आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की और राहुल को जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। इस हमले में मनजोत घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में यह पुरानी रंजिश का मामला सामने आया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि अपहृत राहुल को खरड़ की अनाज मंडी के पास एक किराना दुकान में रखा गया है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी कर राहुल को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने मौके से दुकान मालिक जगतार सिंह और अमनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन आरोपियों और उनके अन्य साथियों के खिलाफ अपहरण, गैरकानूनी तरीके से बंधक बनाने, मारपीट और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। घायल मनजोत को एक निजी अस्पताल से मोहाली के सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि बरामद राहुल का भी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।