राजस्थान अपने राजसी ठाट-बाट और नायाब नस्ल के पशुओं के लिए दुनिया भर में मशहूर है। इसी कड़ी में हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी तहसील क्षेत्र के गांव गुड़िया से एक ऐसी खबर आई है जो पशुपालन जगत में सुर्खियां बटोर रही है। दरअसल, इस गांव की शान और पहचान बन चुका दुर्लभ सुनहरे रंग का मारवाड़ी घोड़ा, जिसका नाम ‘गोल्डन किंग’ है, अब राजस्थान को अलविदा कहकर गुजरात के सूरत शहर चला गया है। इस घोड़े की बनावट, इसका चमकता हुआ सुनहरा रंग और इसकी राजसी चाल इतनी आकर्षक थी कि सूरत के एक अश्वपालक ने इसे 70 लाख रुपये की भारी-भरकम राशि देकर खरीद लिया है। जब इस घोड़े को उसके नए मालिक के हवाले किया गया, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं।
