आगामी त्योहारों के मद्देनजर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सोमवार को राजतालाब थाने में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर जोशी की अध्यक्षता में हुई सीएलजी और शांति समिति की बैठक में आगामी मोहर्रम सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में एसपी जोशी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि त्योहारों या जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के धारदार हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने की बात कहते हुए हिदायत दी कि कोई भी व्यक्ति भ्रामक, भड़काऊ या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट शेयर न करे। संदिग्ध गतिविधि दिखते ही तुरंत दें पुलिस को सूचना एसपी ने बैठक में मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों, सीएलजी सदस्यों और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया। उन्होंने अपील की कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। यदि क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कदम उठाया जा सके। बैठक में यह अधिकारी और प्रबुद्ध जन रहे मौजूद थाना परिसर में आयोजित इस बैठक में पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें मुख्य रूप से ASP नरपत सिंह, SDM सोनू कुमारी, DYSP मनीष चारण, कोतवाली व राजतालाब थानाधिकारी सहित बैठक में सीएलजी सदस्य, शांति समिति के सदस्य, पुलिस मित्र सहित सभी समुदायों के वरिष्ठ व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को त्योहारों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
