खरड़ के न्यू गार्डन कॉलोनी में एक एक्टिवा चोरी का मामला सामने आया है। भावेश मेडिकल स्टोर के संचालक अनिल आनंद के बेटे हितेश आनंद की एक्टिवा उनके घर के बाहर से चोरी हो गई। यह घटना 20 जून की रात को हुई। हितेश आनंद रात करीब 8:40 बजे अपनी दुकान से घर लौटे थे। उन्होंने अपनी काले रंग की एक्टिवा (नंबर PB-27E-7479) कोठी नंबर-65 के बाहर खड़ी की थी। लगभग आधे घंटे बाद, जब परिवार के सदस्य बाहर निकले, तो स्कूटर गायब था। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में रात 9:03 बजे एक युवक को मात्र 10 सेकंड के भीतर स्कूटर चोरी करते हुए देखा गया। आरोपी के पास मास्टर की थी। वारदात CCTV में कैद उसने स्कूटर को मौके पर स्टार्ट करने के बजाय पहले कुछ दूरी तक घसीटा, फिर उसे स्टार्ट कर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की पूरी गतिविधि स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हुई है। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस को सूचना दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। खरड़ शहर में वाहन चोरी और स्नेचिंग की बढ़ती घटनाओं से आम नागरिक चिंतित हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त, नाकाबंदी और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि अपराधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
