केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रविवार को ट्रेन से चूरू रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने उन्हें रामलला की प्रतिमा भेंट की। रेल मंत्री करीब 15 मिनट तक चूरू रेलवे स्टेशन पर रुके। इस दौरान उन्हें क्षेत्र की रेलवे से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर 11 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में तारानगर को नई रेलवे लाइन से जोड़ने, सरदारशहर में रेल विस्तार करने और राजगढ़ क्षेत्र के वंचित इलाकों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। इसके अतिरिक्त, चूरू रेलवे स्टेशन को अमृत स्टेशन योजना में शामिल कर आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने, कुलियों की समस्याओं का समाधान करने, वॉशिंग सुविधा को पुनः शुरू करने और लंबे समय से विचाराधीन करीब आधा दर्जन आरओबी (रोड ओवर ब्रिज) निर्माण कार्यों को गति देने की भी मांग की गई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने बताया कि रेल मंत्री ने सभी मांगों को ध्यान से सुना। उन्होंने तारानगर, सरदारशहर और सादुलपुर क्षेत्र में रेलवे ट्रैक विस्तार के लिए जल्द ही सर्वे करवाने का आश्वासन दिया। रेल मंत्री ने इन सभी प्रस्तावों को आगामी बजट में शामिल करने को लेकर भी सकारात्मक भरोसा जताया। इस अवसर पर चूरू विधायक हरलाल सहारण, भाजपा नेता डॉ. वासुदेव चावला और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।