जिले के चिखली पंचायत समिति क्षेत्र के ढेबरा गांव में फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। दूषित भोजन के कारण एक ही परिवार के आठ सदस्य गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिसमें एक किशोरी की मौत हो गई। परिवार के सभी सदस्यों ने एक साथ भोजन किया था। शनिवार को अचानक उन्हें तेज उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे उनकी हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान 15 वर्षीय किशोरी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के मुखिया रामा गुजरात के संतरामपुर से तुरंत गांव पहुंचे। वे आनन-फानन में बीमार सदस्यों को लेकर सागवाड़ा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचे। बीमार हुए सात सदस्यों को, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं, सागवाड़ा अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक ही परिवार के इतने सारे लोगों के गंभीर हालत में पहुंचने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों की विशेष टीम ने उनका इलाज शुरू किया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सा विभाग की टीम भी सक्रिय हो गई है। खाद्य सुरक्षा और चिकित्सा अधिकारियों ने फूड पॉइजनिंग के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के पीछे का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
