राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने सरकारी नौकरी के लिए समान पात्रता परीक्षा (CET)-2026 की तारीख घोषित कर दी है। सीनियर सेकेंडरी लेवल CET का आयोजन 23 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। ग्रेजुएशन लेवल CET एक से 3 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित होगी। RSSB के अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार- सीनियर सेकेंडरी लेवल CET तीन दिन अलग-अलग चरणों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जून के आखिरी सप्ताह में शुरू होगी। स्नातक स्तर की परीक्षा दिसंबर के पहले सप्ताह में तीन दिन तक आयोजित होगी। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया जुलाई में शुरू होगी। आलोक राज ने बताया- इस बार CET का स्तर पहले की तुलना में ज्यादा कठिन रखा जाएगा। कोशिश रहेगी कि लगभग 3 से 4 लाख अभ्यर्थी ही पात्र हों। इसके लिए निगेटिव मार्किंग लागू की जाएगी। अलग-अलग विभागों में भर्ती के लिए CET जरूरी राजस्थान में CET को सरकारी नौकरियों के लिए प्रवेश द्वार माना जाता है। इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में होने वाली भर्तियों के लिए अभ्यर्थियों की पात्रता तय की जाती है। CET कोई अंतिम भर्ती परीक्षा नहीं है, बल्कि यह एक स्क्रीनिंग टेस्ट है। इसमें प्राप्त अंकों के आधार पर अभ्यर्थी संबंधित पदों की मुख्य भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने के पात्र बनते हैं। 3 साल के लिए लागू रहेगा स्कोर कार्ड CET का स्कोर कार्ड 3 साल के लिए लागू रहेगा। हालांकि अभ्यर्थी अपने स्कोर कार्ड में इम्प्रूवमेंट करना चाहते हैं तो हर साल परीक्षा दे सकेंगे। पहले CET सर्टिफिकेट की वैधता सिर्फ एक साल थी। इसे अब बढ़ाकर 3 साल कर दिया गया है। इससे 20 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों को फायदा मिलेगा। वहीं, पात्रता के लिए न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाना जरूरी रहेगा। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को इसमें 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी। सीईटी 2024 की वैधता खत्म हो चुकी CET-2024 की वैधता फरवरी 2026 में खत्म हो चुकी है। इससे स्नातक स्तर के 8.78 लाख और सीनियर सेकेंडरी स्तर के 9.17 लाख अभ्यर्थियों की पात्रता खत्म हो गई थी। इसके बाद से नई CET को लेकर अभ्यर्थियों में लगातार संशय बना हुआ था, जिसे अब बोर्ड ने साफ कर दिया है। बता दें कि राजस्थान में कई बड़ी भर्तियां फिलहाल CET पात्रता के बिना अटकी हुई हैं।
