उदयपुर में आरटीओ इंस्पेक्टर पर मनमानी वसूली का आरोप लगाते हुए ड्राइवरों ने हंगामा किया। ड्राइवरों ने नेशनल हाईवे-48 पर टोल नाका से काया के बीच जाम लगा दिया। आरटीओ इंस्पेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की। हंगामे के दौरान आरटीओ इंस्पेक्टर चंचल माथुर हाईवे किनारे गाड़ी के अंदर बैठे रहे। करीब 40 मिनट तक हंगामा चला, जिसके बाद आरटीओ ने गोवर्धन विलास थाना पुलिस को सूचना दी गई। गोवर्धन विलास और सवीना थाना पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा और ड्राइवरों को खदेड़कर वहां से हटाया गया। साथ ही आरटीओ ने हंगामा करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ गोवर्धन विलास थाने में शिकायत दर्ज करवा दी। ड्राइवरों ने कहा- हाईवे से गुजरने वाली हर एक गाड़ी को रुकवाकर 50 से 100 रुपए लिए जा रहे हैं। इसके कारण हाईवे पर लंबा जाम लग जाता है और ड्राइवर परेशान होते हैं। अब देखिए, हंगामे जुड़ी PHOTOS…
RTO ने वसूली के आरोपों को झूठा बताया ड्राइवरों से वसूली के आरोप पर उदयपुर RTO ज्ञानदेव विश्वकर्मा ने सभी आरोपों को झूठा बताया है। RTO ने कहा- ये चालान नहीं कटवाने के चक्कर में हंगामा कर रहे हैं। पैसे मांगने जैसी कोई बात नहीं है और अगर ऐसा कुछ है तो उसकी जांच की जाएगी। हमने हंगामा करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ थाने में राजकार्य में बाधा की शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस को हमने हंगामे के फोटो-वीडियो भी सौंपे RTO के निर्देश पर थाने में शिकायत देने वाले इंस्पेक्टर मुकेश कुमार ने बताया- सूचना पर मैं पुलिस को लेकर मौके पर पहुंचा और ड्राइवरों को वहां से हटवाकर जाम खुलवाया। हमने पुलिस को हंगामे के कुछ वीडियो और फोटो भी दिए हैं। जिनमें हंगामा करने वाले ड्राइवरों की पहचान करके उनके खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।