बाड़मेर में सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की थी। पति का शव 4 जून को टैंक (टांके) में पड़ा मिला था। पुलिस ने गुरुवार को आरोपी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं आरोपी प्रेमी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया- महिला ने घर छोड़कर जाने की बात कहकर अपना फोन बंद कर लिया था। पति उसकी तलाश में निकला तो रास्ते में उसे पत्नी का प्रेमी मिला। प्रेमी ने घर तक साथ चलने की बात कहकर पहले उसे शराब पिलाई। जब वह नशे में धुत हो गया तो उसे अपनी टैक्सी से करीब 30 किलोमीटर दूर ले गया। वहां खेत में बने टांके में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद उसका मोबाइल बंद कर बाहर फेंक दिया। बैग भी वहीं छोड़कर फरार हो गया। अब पढ़िए… सिलसिलेवार घटनाक्रम 1. भाई ने अवैध संबंध में हत्या का शक जताया था डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया- 4 जून को बाड़मेर के गरल गांव निवासी तेजाराम (42) का शव मालपुरा फांटा में खेत के टांके में मिला था। भाई महेशाराम की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इसमें तेजाराम की पत्नी नेतल (36) और थ्री-व्हीलर टैक्सी ड्राइवर प्रेमी गुमान सिंह (30) निवासी मिठड़ा पर अवैध संबंधों के चलते हत्या का शक जताया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और अन्य सबूत जुटाकर जांच की। जांच के बाद गुरुवार को आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। 2. सोशल मीडिया पर हुई पहचान पुलिस जांच में सामने आया कि नेतल के चार बच्चे हैं। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती है। इंस्टाग्राम पर उसके 42 हजार फॉलोअर्स हैं। सोशल मीडिया के जरिए ही उसकी पहचान गुमान सिंह से हुई थी। वह ज्यादातर गुमान सिंह की टैक्सी में सफर करती थी। इससे दोनों करीब आ गए। दोनों के बीच लंबे समय से अवैध संबंध थे। नेतल का पति तेजाराम बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था और ज्यादातर जालोर के चितलवाना में ही रहता था। इस दौरान तेजाराम को दोनों के अवैध संबंध की भनक लग गई थी। कई बार इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था। तेजाराम, नेतल को गुमान सिंह से दूर रहने के लिए कहता था। 3. पति से पीछा छुड़ाने के लिए बनाया मर्डर का प्लान डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया- शुरुआती जांच और पूछताछ में सामने आया कि नेतल ने पति से पीछा छुड़ाने के लिए प्रेमी गुमान सिंह के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। 3 जून को नेतल ने तेजाराम को कॉल कर कहा कि वह उससे परेशान हो गई है और अब यहां नहीं रहेगी। वह अपने पीहर जा रही है। इसके बाद नेतल ने अपना फोन बंद कर लिया। जब काफी देर बाद भी नेतल का फोन ऑन नहीं हुआ तो तेजाराम ने गुमान सिंह को कॉल किया। गुमान सिंह ने कहा कि वह भी कॉल कर रहा है, लेकिन फोन स्विच ऑफ आ रहा है। उसने तेजाराम से कहा कि तुम धोरीमन्ना (बाड़मेर) आ जाओ, फिर देखते हैं। 4. जालोर से बुलाकर शराब पिलाई, पत्नी भी घर से गायब रही पुलिस जांच के अनुसार, तेजाराम 3 जून को जालोर से रवाना होकर देर शाम तक धोरीमन्ना पहुंच गया, जहां उसे गुमान सिंह मिला। उधर, नेतल भी 3 जून की रात घर पर नहीं थी। वह अपने दो बच्चों को भी साथ ले गई थी। धोरीमन्ना में गुमान सिंह ने तेजाराम को शराब पिलाई और उसे नशे में धुत कर दिया। 5. खेत के टांके में फेंका, मोबाइल-बैग बाहर छोड़कर भागा पुलिस के अनुसार, शराब पिलाने के बाद गुमान सिंह, तेजाराम को अपनी टैक्सी में बैठाकर करीब 30 किलोमीटर दूर मालपुरा फांटा ले गया। तेजाराम के घर से 10 किलोमीटर पहले एक खेत में बने टांके के पास पहुंचा और उसे नशे (बेहोशी) की हालत में टांके में फेंक दिया। उसका बैग और मोबाइल भी टांके के बाहर ही फेंक दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। जब खेत मालिक टांके के पास पहुंचा तो शव देखकर पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान तेजाराम का मोबाइल स्विच ऑफ मिला। जब उसे चार्ज कर देखा गया तो उस पर कई कॉल आए हुए थे। मोबाइल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
