जालंधर के एन्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने 2 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 330 ग्राम हेरोइन बरामद की है। ANTF जालंधर रेंज के सहायक इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (AIG) जगजीत सिंह सरोआ ने जानकारी देते बताया कि पंजाब के अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (ADGP) निलाभ किशोर और डीएसपी जगीर सिंह के दिशा निर्देशों में समाज के बुरे तत्वों व नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत टीम ने जालंधर में इंटरनेशनल होटल और इन्डो कनैडियन बस सर्विस के पास से इन तस्करों को दबोचा। ये इलाका थाना नई बारादरी जालंधर के अंतर्गत आता है । पकड़े गए आरोपियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ मोनू पुत्र गुरचरण सिंह और बलविंदर सिंह उर्फ बिंदा पुत्र राजिंदर सिंह के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी जिला फतेहगढ़ साहिब के थाना बडाली आला सिंह के तहत पड़ने वाले गांव चुन्नी कलां के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि 330 ग्राम हेरोइन की यह खेप आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ मोनू से बरामद की गई है, जबकि उसके साथी बलविंदर सिंह उर्फ बिंदा के पास से कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। इस मामले को लेकर एएनटीएफ थाना, एसएएस नगर (मोहाली) में सब इंस्पेक्टर (एसआई) आकाशवीर सिंह द्वारा मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कोल्ड ड्रिंक कंपनी में काम करता है आरोपी पुलिस द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने नशा तस्करी से जुड़े कई बड़े खुलासे किए हैं। आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ मोनू ने पुलिस को बताया कि वह केवल आठवीं पास है और एक कोल्ड ड्रिंक फैक्ट्री में सामान लादने (लोडिंग) का काम करता है। वह खुद नशा करने का आदी है और अपनी नशे की लत को पूरा करने तथा जल्दी अमीर बनने के लालच में वह हेरोइन बेचने के इस अवैध धंधे में पड़ गया। वहीं दूसरे आरोपी बलविंदर सिंह उर्फ बिंदा ने अपनी शुरुआती पूछताछ में बताया कि वह भी केवल 8वीं क्लास तक पढ़ा है और बिजली का काम (इलेक्ट्रिशियन) करता है। वह भी पूरी तरह से नशे की लत का शिकार है। अपनी नशे की जरूरत को पूरा करने के लिए ही वह अपने साथी हरविंदर सिंह उर्फ मोनू के साथ मिल गया और उसके साथ मिलकर हेरोइन बेचने का काम करने लगा। फिलहाल पुलिस इन दोनों आरोपियों से गहराई से पूछताछ कर रही है ताकि नशा तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
