पंजाब सरकार द्वारा महिलाओं और लड़कियों के सामाजिक व आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ के तहत जिला पठानकोट में पात्र लाभार्थियों का रजिस्ट्रेशन सोमवार से शुरू कर दिया गया है।
जिला प्रशासन पठानकोट और सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त प्रयासों से इस योजना को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
फील्ड स्टाफ को दी गई विशेष ट्रेनिंग
योजना के शुभारंभ के संबंध में जानकारी देते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि 13 और 14 जून को जिले के विभिन्न ब्लॉकों में सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, सुपरवाइजरों और आंगनवाड़ी वर्करों के लिए विशेष ट्रेनिंग कैंप आयोजित किए गए थे। इन कैंपों के दौरान योजना के उद्देश्य, पात्रता मानदंड, पंजीकरण प्रक्रिया, लाभार्थियों की पहचान और विभागीय पोर्टल से संबंधित तकनीकी जानकारी विस्तार से दी गई।
किसे और कितना मिलेगा लाभ?
संजीव शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी पात्र महिलाओं और लड़कियों को सरकार द्वारा सीधी वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। इसमें अनुसूचित जाति वर्ग की पात्र महिलाओं को 1,500 प्रति महीना की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जबकि, सामान्य व अन्य वर्ग की पात्र महिलाओं को ₹1,000 प्रति महीना की वित्तीय सहायता मिलेगी।
यह राशि लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे (DBT के माध्यम से) जमा करवाई जाएगी। ट्रेनिंग के दौरान बैंक खातों के सत्यापन, आधार लिंकिंग और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई है, ताकि किसी भी लाभार्थी का पैसा तकनीकी खराबी के कारण न रुके।
घर-घर जाकर भी फॉर्म भरेगा फील्ड स्टाफ
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने फील्ड स्टाफ को कड़े निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक पात्र महिलाओं और लड़कियों की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र महिला इस लोक-कल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजीकरण के लिए सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और संबंधित कार्यालयों में पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं। फील्ड स्टाफ द्वारा जरूरत पड़ने पर घर-घर जाकर भी पात्र लाभार्थियों की सहायता की जाएगी।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने पठानकोट की सभी पात्र महिलाओं और लड़कियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्र, सेवा केंद्र या संबंधित अधिकारी से संपर्क करके अपना पंजीकरण जल्द से जल्द करवाएं और पंजाब सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
योजना को पूरी पारदर्शिता और सुचारू ढंग से लागू करने के लिए सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास विभाग द्वारा इसकी लगातार निगरानी की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए इस योजना के लक्ष्यों को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
आप नेताओं ने कहा-70 साल के इतिहास का सबसे बड़ा तोहफा
रजिस्ट्रेशन के पहले ही दिन महिलाओं और माताओं में इस योजना को लेकर भारी उत्साह देखा गया। आम आदमी पार्टी के नेता और प्रशासनिक अमले ने विभिन्न वार्डों में जाकर कैंपों का जायजा लिया। कैंप के मौके पर पहुंचे आप नेता अभी शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब के 70 साल के राजनीतिक इतिहास में बड़ी-बड़ी पार्टियां आईं, लेकिन जो काम मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर दिखाया है, वह किसी अजूबे से कम नहीं है।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने नेता कहते थे कि 1 हजार से क्या होता है? लेकिन आज हमारी बेटियों को अच्छी शिक्षा के लिए किसी के आगे हाथ नहीं फैलाना पड़ेगा, और माताओं को रसोई का खर्च चलाने में बड़ी मदद मिलेगी। पहले ही दिन शाह सिकंदर कम्युनिटी हॉल और दिव्या ज्योति मॉडल स्कूल में 60 से 70 महिलाओं का पंजीकरण किया गया है।
कैंप की टाइमिंग और कब तक चलेंगे कैंप?
लोगों की सुविधा के लिए प्रशासन और पार्टी ने कैंपों की रूपरेखा तय कर दी है:
कैंप का समय: रोजाना सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक।
कहां-कहां लगेंगे कैंप: शाह सिकंदर कम्युनिटी हॉल, दिव्या ज्योति मॉडल स्कूल और पठानकोट के सभी नजदीकी आंगनवाड़ी केंद्रों में।
कब तक चलेंगे: जब तक वार्ड की एक-एक पात्र महिला का फॉर्म नहीं भर जाता, तब तक कैंप जारी रहेंगे। अनुमान है कि अगले 15 दिनों में पूरा काम निपटा लिया जाएगा। 1 जुलाई को खाते में आएंगे 3 महीने के इकट्ठे पैसे
अभी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के वादे के मुताबिक, 1 जुलाई को महिलाओं के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून (तीन महीने) के पैसे एक साथ ट्रांसफर किए जाएंगे। इसे लोग एक उत्सव की तरह मनाएंगे।
बंद बैंक खातों को लेकर दी गई यह विशेष सलाह
कैंप के दौरान यह देखा गया कि कई महिलाओं के पुराने बैंक खाते बंद पड़े हैं। नेताओं ने अपील की है कि महिलाएं कैंप में केवल वही बैंक पासबुक लेकर आएं, जिसमें हाल-फिलहाल में लेन-देन चालू हो, ताकि तकनीकी खराबी के कारण उनका पैसा न अटके। शर्मा ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए दावा किया, हमने जो कहा वो किया।
पहली गारंटी बिजली मुफ्त की थी, वो पूरी हुई। मोहल्ला क्लीनिक शानदार काम कर रहे हैं। यहां तक कि हमने 10 लाख के हेल्थ कार्ड की नई योजना भी शुरू कर दी है। अगर हम अपना वादा पूरा न करें, तो खुलेआम कहते हैं कि आम आदमी पार्टी को वोट मत देना। हम जनता का पैसा जनता की भलाई में लगा रहे हैं।
