जयपुर के मनोहरपुर इलाके में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या पुराने कूलर की रेट को लेकर की गई। विवाद बढ़ने पर युवक ने चाकू से गर्दन और हाथ हमला कर दिया था। जयपुर ग्रामीण SP हनुमान प्रसाद ने बताया- भाजपा नेता रामअवतार असवाल उर्फ पप्पू (55) की हत्या के आरोप में सोहेल खान को गिरफ्तार किया गया है। सोहेल 1 जून की शाम को कबूतर रखने के लिए पुराना कूलर खरीदने के लिए रामअवतार के कबाड़ गोदाम में गया था। इस दौरान कीमत को लेकर रामअवतार और सोहेल के बीच विवाद हो गया। इस पर सोहेल ने रामअवतार असवाल के सिर पर लोहे के एंगल से वार कर दिया। रामअवतार जब जमीन पर गिर गए तो सोहेल ने उनकी गर्दन और हाथ पर चाकू से कई वार किए। जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी सोहेल (20) पुत्र कुतुबुद्दीन लुहार निवासी लुहार मंडी मनोहरपुर को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपी को पकड़ा SP हनुमान प्रसाद ने बताया- घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास क्षेत्र में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। हादसे के मौका स्थल से 150-200 मीटर दूर एक सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ था। इसमें आरोपी की शुरुआती पहचान की गई। इसमें आरोपी की सिर्फ परछाई दिख रही थी। कैमरे से उसका बैक ट्रैस करके आरोपी के मूवमेंट का पता किया। CCTV से देखा आने-जाने का रूट, नए कपड़े खरीदते हुए किया गिरफ्तार SP हनुमान प्रसाद ने बताया- वारदात से कुछ समय पहले रामअवतार असवाल के दोस्त अजय पारीक मौके पर थे। तब आरोपी भी वहां मौजूद था। अजय से जानकारी ली तो उन्होंने आरोपी सोहेल का हुलिया बताया। कबाड़ के गोदाम से लेकर मनोहरपुर के बाजार तक 150 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला तो रूट पर हुलिए के आधार पर युवक के आने-जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सोहेल को मनोहरपुर के लोहार के मोहल्ले में कपड़े की दुकान से डिटेन किया। आरोपी उस दौरान दुकान से नए कपड़े खरीदकर मनोहरपुर से फरार होने की तैयारी कर रहा था। ताकि पुलिस की पकड़ में न आए। इस पर आरोपी को पकड़कर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। 2 जून को भाई ने मामला कराया था दर्ज बता दें कि 2 जून को शिव कॉलोनी मनोहरपुर निवासी गुलाब असवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि मेरे भाई रामअवतार असवाल उर्फ पप्पू (55) मनोहरपुर के श्याम मार्केट स्थित अपनी कबाड़ की दुकान पर बैठे थे। रात को परिजनों ने कई बार उन्हें फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। भतीजा ईशांत असवाल को दुकान पर भेजा, जहां रामअवतार असवाल मृत मिले। उनके सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। यह खबर भी पढ़ें… भाजपा नेता की गला रेतकर हत्या:कबाड़ के गोदाम में खून से लथपथ मिले; 9 घंटे बाद परिजनों का धरना खत्म जयपुर के मनोहरपुर इलाके में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की हत्या कर दी गई। वे सोमवार रात कबाड़ गोदाम में खून से लथपथ मिले थे। परिवार वालों का आरोप है कि गला रेतकर उनका मर्डर किया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)
