भीलवाड़ा शहर में बुधवार को सचिन पायलट समर्थक सांसदों ने बिना नाम लिए वरिष्ठ नेताओं पर तंज कसा। सुशीला देवी माथुर गर्ल्स कॉलेज में पूर्व सीएम शिवचरण माथुर और उनकी पत्नी सुशीला देवी माथुर के मूर्ति अनावरण समारोह में सांसद बृजेंद्र ओला ने कहा- शिवचरण माथुर के समय में ही कांग्रेस सरकार रिपीट हुई थी। उसके बाद आज तक कांग्रेस कभी रिपीट नहीं हो पाई। ओला ने कहा- वर्ष 1989 में राजस्थान की 25 की 25 सीटें कांग्रेस हार गई थी। इस हार के बाद नैतिकता के आधार पर शिवचरण माथुर ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद मंच पर कांग्रेस सांसद मुरारी मीणा संबोधन देने आए। उन्होंने कहा- ओला जी ने सही कहा। तब मुख्यमंत्री पद से 2- 2 बार इस्तीफा दिया गया। राजनीति में तब और अब में कितना चेंज आ गया है। थोड़ी गलती पर अपने पद से इस्तीफा। आजकल के नेता तो चाहे कितनी भी बड़ी बात हो जाओ, अपनी कुर्सी से चिपके रहते हैं, उसे छोड़ते नहीं है। हालांकि जब दोनों सांसदों ने यह बात कही, उससे पहले ही पूर्व सीएम अशोक गहलोत उदयपुर के लिए रवाना हो चुके थे। कार्यक्रम में पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने एसएमएस हॉस्पिटल में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- प्रशासन, सरकार और सिस्टम की ना कोई दिशा है, ना कोई कंट्रोल है। बीमार मरीज हॉस्पिटल में ठीक होने के लिए जाते हैं, वो जिंदगी मौत के लिए वैसे ही लड़ रहे हैं। वहां अगर फैलियर सिस्टम निर्दोष लोगों की जान ले रहा, तो कोई ना कोई जिम्मेदारी तो लेगा। लेकिन दुर्भाग्यवश इस प्रदेश व सरकार में कोई ऐसा इंसान नहीं है, जो खड़ा होकर बोले और हमें आश्वासन दे कि दोबारा ऐसा हादसा नहीं होगा। हम इसके लिए जिम्मेदारी तय करेंगे और कार्रवाई करेंगे। मीडिया से बातचीत में पायलट ने कहा- सीजेआई पर हमले से ज्यादा दुखद कोई घटना नहीं हो सकती है। मुझे लगता है, यह इसलिए हो रहा है कि देश में पिछले 11 वर्षों से माहौल पैदा हुआ है, जिससे टकराव की स्थिति, जहर फैलाने की कोशिश की गई। उसका कहीं ना कहीं परिणाम देखने को मिलता है। नरेश मीणा के सवाल पर भी दिया जवाब
उन्होंने कहा कि पौने दो साल में सत्ताधारी पार्टी प्रदेश में जनता का विश्वास खो चुकी है। पब्लिक गावों में तड़प रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। नियंत्रण में नहीं है। उपचुनाव में जनता सरकार को आइना दिखाएंगी। अंता सीट पर कांग्रेस पार्टी से नरेश मीणा को प्रत्याशी बनाए जाने के सवाल पर कहा कि उपचुनाव की घोषणा हुई है। कांग्रेस पार्टी अच्छे वोटों से जीतेगी, टिकट वितरण का निर्णय पार्टी करेगी। हालांकि देर शाम इस सीट से प्रमोद जैन भाया को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया। नीतीश कुमार 20 वर्ष से कुर्सी से चिपके हुए
पायलट ने कहा- बिहार चुनाव में एनडीए का गठबंधन हुआ है। नीतीश कुमार निश्चित रूप से अनुभवी व्यक्ति है, पिछले 20 वर्ष से कुर्सी से चिपके हुए हैं। लगातार दल- बदल कर सत्ता से चिपकने की जो राजनीति की है, उनका नकारात्मक इफेक्ट हुआ है। जनता बिहार में बदलाव चाहती है, बदलाव इस चुनाव में होगा। तेजस्वी यादव और राहुल गांधी का कॉम्बिनेशन बिहार में युवाओं को आकर्षित कर रहा है। बिहार चुनाव में बदलाव होगा, एनडीए जो बहुत घमंड एरोगेसी की राजनीतिक करती है, उसका बिहार से एक इंजन फेल होगा। पायलट ने पूर्व विधायक मेवाराम जैन की कांग्रेस में घर वापसी पर कहा- मैंने शुरू से कहा कि अच्छे पढे़- लिखे और शिक्षित और संस्कारी लोग अगर देश की राजनीति में आएंगे तो समाज के लिए सकारात्मक बदलाव होगा। देश की राजनीति में सुधार होगा।
