जलदाय विभाग की नहरी परियोजना टीम ने धनकोली गांव में अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार को किए गए औचक निरीक्षण के दौरान 18 व्यक्तियों को पेनल्टी नोटिस जारी किए गए। यह कार्रवाई सहायक अभियंता राजपाल सिंह शेखावत के नेतृत्व में की गई। निरीक्षण के दौरान टीम ने नहरी परियोजना की पाइपलाइन से किए गए अवैध कनेक्शनों की गहन जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई, जिससे अवैध रूप से पानी लेने वालों में हड़कंप मच गया। नहरी परियोजना के अधिशासी अभियंता (XEN) अजीत सिंह ने बताया कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कनेक्शन और बूस्टर पंपों के कारण कई क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित होती है, जिससे सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से पानी नहीं मिल पाता। अजीत सिंह ने डीडवाना उपखंड के आमजन से अपील की है कि जलापूर्ति के समय किसी भी प्रकार के बूस्टर या मोटर का उपयोग न करें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी ने अवैध कनेक्शन कर रखा है, तो उसे तुरंत हटवा दें। भविष्य में ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रखने की चेतावनी भी दी गई है। जलदाय विभाग ने दोहराया है कि पेयजल संसाधनों के संरक्षण और समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए अवैध कनेक्शनों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।