विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम पंचायत गंगावास में वंदे गंगा अभियान का जिला स्तरीय समापन समारोह आयोजित हुआ। इसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों ने जल संरक्षण तथा पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया। समारोह के दौरान जनजागरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न आयोजन किए गए। इनमें तालाब पूजन, पीपल पूजन, पौधारोपण और श्रमदान शामिल थे। विधायक ने की पर्यावरण संरक्षण की अपील इस दौरान सिवाना विधायक हमीर सिंह भायल ने कहा कि राजस्थान जैसे मरुस्थलीय प्रदेश में जल का महत्व जीवन के समान है। उन्होंने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान ने गांवों में जल बचाने और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति नई चेतना जगाई है। विधायक ने ग्रामीणों से अपने गांव के तालाबों को स्वच्छ रखने और जल स्रोतों को प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की अपील की। पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की आधारशिला है। यदि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता नहीं दी गई तो आने वाले समय में गंभीर संकट उत्पन्न हो सकते हैं। प्रत्येक व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले तो हरित वातावरण का निर्माण संभव है।
इस मौके पर जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी, उपखंड अधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।