पाली में बाइक को टक्कर मारने के बाद घबराकर दौड़ाई कार डिवाइडर से टकराकर बेकाबू होने के बाद खाई में गिरकर पलट गई। हादसे में कार सवार युवक की मौत हो गई। 3 साल का मासूम गंभीर घायल हो गया। एक पैर भी फ्रैक्चर हो गया। वहीं टक्कर से बाइक सवार युवक भी घायल हुआ है। हादसा गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे बूसी क्षेत्र में हुई। सिलसिलेवार पढ़िए, पूरा घटनाक्रम … गुजरात से पाली आया था ड्राइवर, साथ में थे यात्री जानकारी के अनुसार, गुजरात के जेतड़ा थाराद निवासी कुलदीप (22) ड्राइविंग का काम करता था। वह गुरुवार सुबह गुजरात से पुष्पेंद्रसिंह और उनके तीन वर्षीय बेटे रिऋीराज (3) को लेकर पाली आया था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे सभी लोग कार से घूमने के लिए निकले थे। बूसी क्षेत्र में किसी काम से पुष्पेंद्रसिंह कार से उतर गए थे, जिसके बाद कुलदीप गाड़ी घुमा रहा था। गाड़ी घुमाते समय बाइक से टकराई कार इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई, जिसमें भीखाराम (55) पुत्र भूराराम निवासी बागोल, देसूरी घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी घटना से ड्राइवर कुलदीप घबरा गया और वह वहां से कार को तेजी से लेकर भाग गया। घबराकर टेवाली गांव की ओर दौड़ाई कार, मोड़ पर हादसा हादसे के बाद घबराए कुलदीप ने कार को टेवाली गांव की दिशा में तेज स्पीड में दौड़ा दिया। कार में उस समय पुष्पेंद्रसिंह का बेटा रिऋीराज भी मौजूद था। तेज रफ्तार के कारण टेवाली गांव के पास मोड़ पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे खाई में जा पलटी। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त, ड्राइवर की मौत, मासूम का पैर फ्रैक्चर इस भीषण हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ड्राइवर कुलदीप (22) पुत्र परबतसिंह चौहान निवासी जेतड़ा थाराद, गुजरात की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मासूम रिऋीराज (3) का पैर फ्रैक्चर हो गया है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बाइक सवार भीखाराम घायल, इलाज जारी हादसे में घायल बाइक सवार भीखाराम पुत्र भूराराम निवासी बागोल, देसूरी (55) का इलाज बूसी में जारी है। पुलिस ने शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।