तरनतारन जिले में विधानसभा उपचुनावों से पहले सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर पाकिस्तान से मंगवाई गई 16 किलो हेरोइन बरामद की गई है। यह खेप पंजाब भर में सप्लाई की जानी थी। गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी रईया, अमृतसर और हरप्रीत सिंह निवासी ध्यानपुर, अमृतसर के रूप में हुई है। उनके खिलाफ तरनतारन के थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पाकिस्तान से मंगाई गई हेरोइन एसएसपी रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि तरनतारन सीआईए को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर पंजाब में सप्लाई कर रहे हैं। सूचना में यह भी बताया गया था कि वे सफेद रंग की स्विफ्ट कार में हेरोइन की खेप लेकर तरनतारन आ रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर तरनतारन के गांव खब्बे डोगरा के पास नाकेबंदी की गई। अमृतसर की ओर से आ रही एक सफेद स्विफ्ट कार को रोकने का इशारा करने पर उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने कार सवारों को काबू कर लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 16 किलो हेरोइन बरामद हुई। एसएसपी ग्रेवाल ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है ताकि उनके नेटवर्क और पंजाब भर में उनके संपर्क में रहे अन्य तस्करों का पता लगाया जा सके।