शहर के अस्पताल रोड पर मंगलवार को एक हेयर सैलून में चोरी कर भाग रहे चोर को लोगों ने पकड़ लिया। आरोपी के पास से चोरी किया गया पर्स और परफ्यूम की बोतल बरामद कर उसे कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल रोड पर भारत पेट्रोल पंप के पास प्रिंस हेयर स्टाइल नाम की दुकान है। मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दुकानदार आधा शटर खोलकर अंदर सफाई कर रहा था। इसी दौरान दुकानदार कुछ देर के लिए बाहर गया। दुकान को सूना पाकर साफाड़ा गांव निवासी राहुल कुमार अपने एक साथी के साथ दुकान में घुस गया और गल्ले में रखा पर्स और परफ्यूम की एक बोतल चुरा ली। पर्स में 2500 रुपए कैश थे। दुकानदार जब वापस आया, तो आरोपी राहुल ने पकड़े जाने के डर से शेविंग कराने का बहाना बनाया। दुकानदार ने मंगलवार का अवकाश होने की बात कहकर शेविंग करने से मना कर दिया। इस बीच दुकानदार की नजर गल्ले पर पड़ी, जहां से उसका पर्स गायब था। शक होने पर दुकानदार ने शोर मचाया और भाग रहे आरोपी राहुल को पकड़ लिया। हालांकि, उसका दूसरा साथी भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस कर रही है मामले की जांच
आस-पास के लोगों ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास से 2500 रुपए समेत चोरी किया पर्स और परफ्यूम की बोतल बरामद हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जालोर कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस फरार हुए दूसरे युवक की तलाश करने के साथ ही आरोपी से पूछताछ कर रही है।