डूंगरपुर शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने 5 दुकानों को निशाना बनाया। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात में चोरों ने दुकानों से हजारों की नकदी और अन्य सामान चुरा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों ने दुकानों में घुसने के लिए सीमेंट की चद्दरें, खिड़कियां और लोहे के गेट के पतरे तोड़े। सबसे पहले पुराने बस स्टैंड के पीछे स्थित तोसिफ हुसैन एक फिश शॉप को निशाना बनाया गया। चोर छत पर लगी सीमेंट की चद्दर तोड़कर अंदर घुसे और गल्ले में रखे करीब 5 से 6 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चुरा ले गए। करीब 1 साल पहले भी इसी दुकान में चोरी की घटना हुई थी। एक साथ 5 दुकानों में चोरी से लोगों में रोष
इसके साथ ही चोरों ने पास की एक खाने की दुकान की खिड़की तोड़कर वहां से भी नकदी पार कर दी। पातेला निवासी अल्ताफ भाई और विजयगंज कॉलोनी निवासी राजमल चौहान की मीट शॉप को भी निशाना बनाया गया। अल्ताफ की दुकान के गेट का पतरा तोड़कर गल्ले से नकदी चुराई गई, जबकि राजमल की दुकान से लोहे के औजार चोरी हुए। चोरों ने सिंधी कॉलोनी निवासी अनिल भाई की दुकान के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और चोरों की तलाश जारी है।
