फलोदी की जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने डोडा पोस्त तस्करी के एक मामले में चार साल से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी राकेश पुत्र बाबूलाल विश्नोई को गिरफ्तार किया है। आरोपी जोधपुर ग्रामीण के औसियां थाना क्षेत्र के कंवरजी की खेजड़ी तापू का निवासी है। राकेश विश्नोई मतोड़ा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के दो मामलों में पिछले दो साल से वांछित था। इसके अलावा, वह चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी थाना में एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के एक मामले में चार साल से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर फलोदी एसपी ने 10 हजार रुपये और चित्तौड़गढ़ एसपी ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कांस्टेबल चौखाराम को मिली थी लोकेशन एसपी सतनाम सिंह ने बताया- डीएसटी फलोदी के कांस्टेबल चौखाराम को आरोपी राकेश की लोकेशन नागौर जिले के श्रीबालाजी थाने के सथैरण, फतेहसर में मिली थी। अतिरिक्त एसपी ब्रजराज सिंह चारण और सीओ लोहावट नगेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में डीएसटी ने सथैरण, फतेहसर स्थित एक मकान पर दबिश दी। वहां से आरोपी राकेश विश्नोई को पकड़कर मतोड़ा पुलिस थाने को सुपुर्द किया गया। इस कार्रवाई में डीएसटी फलोदी के हेड कांस्टेबल महेंद्र उज्जवल, कांस्टेबल चौखाराम (विशेष भूमिका), प्रतापसिंह, रामेश्वर, महेंद्र चौधरी, गंगाराम और बाबूलाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसपी ने रखा था 10 हजार का इनाम मतोड़ा पुलिस थाने ने 19 अगस्त 2024 को फगलूराम पुत्र टीकूराम जाट को 25.390 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया था। इसी प्रकार, 16 जनवरी 2025 को लिखमाराम पुत्र खींयाराम जाट निवासी पड़ासला मतोड़ा को 40.275 किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ पकड़ा गया था। इन दोनों मामलों में डोडा पोस्त की आपूर्ति राकेश पुत्र बाबूलाल विश्नोई द्वारा की गई थी। राकेश की गिरफ्तारी शेष होने के कारण फलोदी एसपी ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसी तरह, चित्तौड़गढ़ के राशमी थानाधिकारी ने आरोपी श्यामलाल निवासी बिरानी थाना भोपालगढ़ से 6 क्विंटल 40 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया था। इस मामले में भी आरोपी राकेश चार साल से फरार चल रहा था, जिसके लिए चित्तौड़गढ़ एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम जारी किया था।