संगरूर से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर ने जालंधर में आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की हत्या को गंभीर मामला बताया है। उन्होंने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने पंजाब सरकार द्वारा ठेकेदारी प्रथा खत्म कर कर्मचारियों को सरकारी प्रणाली में शामिल करने के फैसले को ऐतिहासिक करार दिया। बरनाला में मीडिया से बात करते हुए मीत हेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का यह कदम पूरे देश के लिए एक मिसाल है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से ठेकेदारी सिस्टम के तहत काम कर रहे कर्मचारी यह मांग कर रहे थे, जिसे मान सरकार ने पूरा किया है।इस फैसले से राज्य के लगभग 26,500 आउटसोर्स कर्मचारियों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार के सीधे संपर्क में आने से भविष्य में उनके नियमित होने का रास्ता भी खुलेगा। सांसद हेयर ने आउटसोर्स कर्मचारियों को बधाई दी।उन्होंने पिछली अकाली दल और कांग्रेस सरकारों पर इस मांग को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। सांसद मीत ने सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं मीत हेयर ने ‘आप’ सरकार की अन्य उपलब्धियां भी गिनाईं, जिनमें पंजाब के हजारों गांवों तक नहरी पानी पहुंचाना, बिना भेदभाव मुफ्त बिजली देना और मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान करना शामिल है। उन्होंने सभी कर्मचारियों की ओर से मुख्यमंत्री मान का विशेष धन्यवाद किया। जालंधर में आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की हत्या के मामले पर सांसद हेयर ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि इस वारदात के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।मीत हेयर ने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
