अमृतसर में बांसों वाले बाजार में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। बाजार में बांस, सीढ़ियां समेत अन्य सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटें कई फुट ऊंचाई तक उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक दुकानदार जिंदा जल गया। उसकी बाजार में बांस की दुकान थी। वह दिव्यांग था, जिसके कारण समय रहते वह दुकान से बाहर नहीं निकल पाया और आग की चपेट में आ गया। 20 से 25 दुकानें आग में जलकर खाक हो गई हैं। वहीं एक दुकान के ऊपर लगे मोबाइल टावर में भी आग लग गई है। टावर के गिरने का खतरा है। सामान जलता देख एक दुकानदार रो पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेज थी कि आसपास के दुकानदारों और लोगों में दहशत फैल गई। फायर ब्रिगेड की टीमें आग बुझाने में जुटी हुई हैं। संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दुकानदारों ने कहा कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आधा घंटा लेट आईं। सभी दुकानों में आग लगी
दुकानदार अनूप कुमार ने बताया कि राम बागा कोट आत्मा सिंह में सारी दुकानों में ही आग लग गई है। बैक साइड में सारी बांस की दुकानें है और करोड़ों का नुकसान हो गया है। दुकानदार ने रोते हुए कहा कि उसके छोटे बच्चे हैं। उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा कि वो कैसे मैनेज करेंगे। सारा सामान जलकर खाक हो गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां लेट पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
वहीं, विधायक अजय गुप्ता ने बताया कि वो मौके पर मौजूद हैं। फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पा रही हैं। अभी तक 6 गाड़ियां आ चुकी हैं। 2 और आ रही हैं। जरूरत पड़ी तो और गाड़ियां लेकर आएंगे। बाजार में आग के PHOTOS… बाजार में आग के पल-पल अपडेट के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…
