सलूंबर जिले में योग दिवस के तहत आयुर्वेद विभाग और जिला प्रशासन ने हेल्थ एंड वेलनेस बाय योगा अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स, महिलाओं और आमजन ने योगाभ्यास किया। इस अभियान की थीम “योग फॉर सेल्फ एंड फैमिली, योग @ 365 डेज” रखी गई है। इसके तहत प्रत्येक गुरुवार सुबह 7 से 8 बजे तक सलूंबर के प्रमुख स्थलों, जैसे सेरिंग तालाब की पाल और जयसमंद की पाल पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसी के तहत तीसरे दिन के आयोजन में भी लोगों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया, साथ ही नियमित योग अपनाने का संदेश भी दिया। आयुर्वेद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, भावनात्मक स्थिरता और आध्यात्मिक उन्नति का भी एक प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों की रोकथाम में सहायता मिलती है। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।