करौली में माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तत्वावधान में वीणा मेमोरियल कॉलेज में स्वतंत्रता सेनानी वीर सावरकर की जयंती पर एक युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्विज, पोस्टर और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज प्रिंसिपल मनोज शर्मा, माय भारत के उपनिदेशक पंकज यादव और संकाय सदस्यों ने वीर सावरकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में वीर सावरकर के महत्वपूर्ण योगदान और उनके संघर्षपूर्ण जीवन पर प्रकाश डाला। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को वीर सावरकर के जीवन, राष्ट्रभक्ति और देश निर्माण के विचारों से परिचित कराना था। इसी कड़ी में युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
क्विज प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, सुहानी माली ने द्वितीय और लकी शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर प्रतियोगिता में नेहा शर्मा प्रथम, कृतिका द्वितीय और निरमा मीणा तृतीय रहीं। वहीं, भाषण प्रतियोगिता में रोशनी, मनीषा और तुषार विजेता घोषित किए गए। प्रतियोगिताओं के समापन पर, सभी विजेता प्रतिभागियों को माय भारत केंद्र की ओर से टी-शर्ट और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान युवाओं को माय भारत द्वारा आयोजित रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए भी प्रेरित किया गया। इस अवसर पर माय भारत के उपनिदेशक पंकज यादव ने कहा कि वीर सावरकर का जीवन युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने माय भारत केंद्र की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 30 हजार से अधिक युवा माय भारत पोर्टल पर पंजीकृत हैं।
यादव ने आगे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में यूथ क्लबों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण संबंधी गतिविधियों से जोड़ने के लिए मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से माय भारत प्लेटफॉर्म के माध्यम से देश निर्माण की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में वीणा मेमोरियल कॉलेज का स्टाफ, माय भारत केंद्र के पदाधिकारी, वालंटियर्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।