सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक मामले में राजस्थान राज्य बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (RSBCL) के डिपो मैनेजर को अरेस्ट किया है। स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) ने मंगलवार दोपहर लोकेंद्र पंडया (58) निवासी वरदा (डूंगरपुर) को उसके घर से गिरफ्तार किया। लोकेंद्र के भाई कुंदन कुमार पंडया निवासी सागवाड़ा (डूंगरपुर) ने RPSC के पूर्व मेंबर बाबूलाल कटारा से अपनी बेटी सहित बाकी लोगों के लिए 50 लाख रुपए में पेपर खरीदा था। कुंदन, उसकी बेटी रिद्धि, लोकेंद्र की बेटी नेहा और बेटे नैतिक को साल 2025 में गिरफ्तार किया गया था। एसओजी ने लोकेंद्र को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। बेटे, बेटी और भतीजी ने पास कर लिया था रिटन एग्जाम एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया- SI भर्ती-2021 की लिखित परीक्षा के सभी पेपर बाबूलाल कटारा से कुंदन कुमार पंडया ने प्राप्त किए थे। कुंदन के भाई लोकेंद्र ने परीक्षा से पहले ये पेपर बेटे नैतिक, बेटी नेहा और भतीजी रिद्धि को पढ़ाया था। तैयारी करवाने के बाद अपनी गाड़ी से जयपुर लाकर उन्हें लिखित परीक्षा दिलवाई थी। नैतिक को हिन्दी सब्जेक्ट में 200 में 143.33 और सामान्य ज्ञान में 200 में से 147.20 नंबर मिले थे। नेहा को हिन्दी में 158.89 और सामान्य ज्ञान में 153.46 नंबर मिले थे। नैतिक, नेहा और रिद्धि ने लिखित परीक्षा पास कर ली थी। हालांकि तीनों फिजिकल में फेल हो गए थे। तीनों को 10 जुलाई 2025 को अरेस्ट किया गया था। 50 लाख में कटारा से खरीदा था पेपर लोकेंद्र के भाई कुंदन कुमार पंडया को जून 2025 में गिरफ्तार किया गया था। कुंदन राजकीय प्राथमिक विद्यालय कन्यालाघाटा पालवाडा में ग्रेड थर्ड टीचर के रूप में पोस्टेड था। कुंदन ने 50 लाख रुपए में बाबूलाल कटारा से पेपर खरीदा था। कटारा की अस्थमा की हर्बल दवाइयां चल रही थीं। कुंदन 10 सितंबर 2021 को हर्बल दवाइयां देने कटारा के घर पहुंचा था। तब कटारा को हर्बल दवाइयों के साथ लिफाफे में बंद कर पैसे दिए थे। कटारा ने 13, 14 और 15 सितंबर 2021 को होने वाली तीनों दिन की परीक्षा के पेपर दे दिए थे। मामले में अब तक 142 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि SI भर्ती परीक्षा-2021 को रद्द कर दिया गया है। अब यह परीक्षा 20 सितंबर को फिर से आयोजित की जाएगी। … ये खबर भी पढ़ें… एसआई भर्ती परीक्षा-2021 दोबारा होगी:पहले एग्जाम में शामिल 3.83 लाख अभ्यर्थियों को ही मिलेगा मौका, जानें कब होगा आयोजन SI भर्ती-2021 रद्द ही रहेगी:सुप्रीम कोर्ट ने कहा- पानी के गिलास से 2-3 बूंद जहर अलग नहीं कर सकते, पूरा पानी फेंकना पड़ता है एसओजी ने एसआई पेपर लीक मामले में तीन आरोपी पकड़े:AAO पद पर हैं दो आरोपी, परीक्षा से पहले पढ़ाया था पेपर
