भीलवाड़ा में बिजौलिया थाना क्षेत्र में रविवार को हादसे में मोपेड सवार दो युवकों की मौत हो गई। पत्थरों से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने दोनों युवकों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि ट्रैक्टर-ट्रॉली भी पलटी खा गई। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से ड्राइवर हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। एक मृतक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त के प्रयास जारी मृतकों में एक की पहचान सोजी राम भील के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान के प्रयास जारी हैं। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। हादसे के चलते कुछ देर तक सर्विस लेन तिराहे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक सुचारु करवाया और मामले की जांच शुरू की। हादसे के बाद क्षेत्र में गुस्सा, लोगों ने उठाए सवाल हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का लगातार व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे नगर की सड़कों पर हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि पत्थर, बजरी और निर्माण सामग्री ढोने में लगी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां तेज गति और लापरवाही से संचालित की जा रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग कार्रवाई करने के बजाय मूकदर्शक बना हुआ है।